द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधि-विधान से पूजा कर प्रदेशवासियों के लिए मांगी समृद्धि

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को गुजरात स्थित देवभूमि द्वारका के पावन द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर सपरिवार पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी सीमा यादव के साथ पारंपरिक विधि-विधान से भगवान द्वारकाधीश का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और मध्य प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मनाए जाने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में देश और प्रदेश के नागरिकों को अग्रिम बधाई व शुभकामनाएं भी दीं।

इस धार्मिक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके पारिवारिक सदस्य तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. इलैया राजा टी. उपस्थित रहे। पूजन उपरांत मंदिर परिसर के बाहर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वे सपरिवार द्वारका दर्शन के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश भर के धार्मिक केंद्रों का अभूतपूर्व विकास हो रहा है, जिससे मध्य प्रदेश के उज्जैन और गुजरात के द्वारका सहित अनेक तीर्थ स्थलों पर धार्मिक पर्यटन के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।

धार्मिक पर्यटन के विस्तार का उल्लेख करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में ‘श्री महाकाल लोक’ के निर्माण के पश्चात दर्शनार्थियों की संख्या में 20 गुना तक की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में लगभग 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालु प्रतिवर्ष उज्जैन पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कर-कमलों से महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कराया गया, जिसने बनारस में तीर्थ पर्यटन को एक नई ऊंचाई प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित सनातन संस्कृति के चार प्रमुख धामों में द्वारकाधीश मंदिर अत्यंत महत्वपूर्ण तीर्थ है। उन्होंने जन्माष्टमी के पावन अवसर से ठीक पूर्व द्वारकाधीश के दर्शन मिलने को अत्यंत सौभाग्यशाली बताया। हाल ही में संपन्न अपनी सोमनाथ धाम यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ-साथ उन्होंने यहां की प्रबंधन व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया है, ताकि मध्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों में भी श्रद्धालुओं के लिए इसी प्रकार की उच्चस्तरीय व्यवस्थाएं लागू की जा सकें।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के विकास के लिए योजनाबद्ध रूप से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, ठहरने की व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का तीव्र गति से विकास किया जा रहा है। सरकार भारत के गौरवशाली सांस्कृतिक अतीत की पुनर्स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button