लद्दाख में निमास ने रचा इतिहास: 23 दिनों में फतह कीं 6,000 मीटर से ऊंची 20 अनछुई चोटियां

अरुणाचल प्रदेश के दिरंग स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (एनआईएमएएस) ने लद्दाख में एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान के पर्वतारोहियों ने अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान मात्र 23 दिनों के भीतर 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 20 ऐसी पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण किया, जिन पर इससे पहले कभी किसी दल ने चढ़ाई नहीं की थी।
इस उपलब्धि पर रक्षा मंत्रालय ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए संस्थान की सराहना की। मंत्रालय ने कहा कि एनआईएमएएस ने लद्दाख की 20 अविजित चोटियों पर पहली बार तिरंगा फहराकर इतिहास रचा है। 23 दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया यह अभियान पर्वतारोहण, खोज और साहसिक गतिविधियों में देश की बढ़ती दक्षता को दर्शाता है। साथ ही, यह सफलता युवाओं को मुश्किल चुनौतियों का सामना करने, देश के अलग-अलग क्षेत्रों को जानने और राष्ट्र-निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करती है।
यह अभियान दल एनआईएमएएस से संबद्ध है, जो अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले के दिरंग में स्थित है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित यह देश का एकमात्र ऐसा विशिष्ट संस्थान है, जो जल, थल और नभ—तीनों माध्यमों से जुड़े साहसिक खेलों में प्रशिक्षण और अभियानों का संचालन करता है।
लद्दाख के अत्यधिक ऊंचाई और शून्य से नीचे के तापमान वाले कठिन माहौल में यह अभियान पूरा किया गया। जिन 20 चोटियों पर पहले कोई नहीं पहुंच सका था, वहां पहली बार सफल चढ़ाई करके दल ने साबित किया है कि देश की युवा शक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी बड़े लक्ष्यों को साध सकती है। इस मिशन से सुदूर हिमालयी क्षेत्रों में खोज और साहसिक अभियानों के प्रति नई संभावनाएं खुली हैं।
यह कीर्तिमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच के भी अनुकूल है, जिसमें युवाओं से देश के दुर्गम इलाकों की खोज करने, शारीरिक व मानसिक रूप से सक्षम रहने और रोमांचक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र के साथ गहरा जुड़ाव बनाने का आह्वान किया गया है।



