पीएम मोदी ने मिजोरम में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का वर्चुअल उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिजोरम के केलसिह स्थित रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय (आरटीएफएफएम) का उद्घाटन किया। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस पर मिजोरम को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय द्वारा निर्मित इस संग्रहालय की स्थापना आइजोल जिले के आइबॉक ब्लॉक के ग्रामीण और उभरते पर्यटन स्थल केलसिह स्थित जनजातीय अनुसंधान संस्थान परिसर में की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान और बलिदान को संजोना और आम जनता के सामने लाना है।
यह संग्रहालय महान आदिवासी नेता रोपुइलियानी को समर्पित है, जिन्होंने तत्कालीन लुशाई हिल्स (वर्तमान मिजोरम) में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ शुरुआती दौर में मोर्चा संभाला था। अंग्रेजों ने उन्हें बंदी बनाकर जेल में डाल दिया था और बाद में वर्तमान बांग्लादेश के चटगांव हिल ट्रैक्ट्स (सीएचटी) स्थित रंगमती ले जाया गया, जहां जनवरी 1895 में कैद के दौरान ही उनका निधन हो गया।
मिजोरम सरकार द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस संग्रहालय परिसर में मुख्य भवन के अलावा ओपन-एयर थिएटर, पारंपरिक झोपड़ी, हेरिटेज वॉक, बिरसा मुंडा ट्राइबल प्राइड गार्डन, कैफेटेरिया और स्टाफ क्वार्टर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उद्घाटन से पूर्व मिजोरम के राज्यपाल, सेवानिवृत्त जनरल डॉ. विजय कुमार सिंह ने 10 नवंबर को परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था।
इस दौरान राज्यपाल ने संग्रहालय को राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में मिजो सेनानियों के साहस और बलिदान की एक विशेष श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान मिजोरम और पूरे देश के लिए एक अमूल्य धरोहर साबित होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी नायकों के इतिहास से अवगत कराएगा और प्रेरित करेगा। उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों और शोधकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए इसे विश्वस्तरीय सुविधा के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने इस संग्रहालय के निर्माण के लिए 25.59 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। मंत्रालय द्वारा ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ हुए विभिन्न जनजातीय विद्रोहों की स्मृति और आदिवासी संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण के लिए देश के 10 राज्यों में ऐसे कुल 11 संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मणिपुर के तामेंगलोंग में भी एक अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का निर्माण कार्य जारी है।



