रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आर्थिक लक्ष्य के साथ-साथ रणनीतिक आवश्यकता भी : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करना सिर्फ एक आर्थिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह देश की एक बड़ी रणनीतिक जरूरत भी है। वह गैर-विनाशकारी मूल्यांकन एवं सहायक तकनीकों पर आयोजित 36वें वार्षिक सम्मेलन और एयरोस्पेस क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत ने मिसाइल विकास, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, रडार प्रणाली और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, उत्पादन इकाइयों और उद्योग जगत की बढ़ती तकनीकी ताकत का प्रमाण हैं।
भारतीय रक्षा प्रणाली में आधुनिक और जटिल उपकरणों के शामिल होने का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब इन प्रणालियों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने जोर दिया कि निर्माण प्रक्रिया से लेकर हर महत्वपूर्ण सामग्री, कलपुर्जे और उनके संयोजन को गुणवत्ता के उच्चतम मानकों पर खरा उतरना होगा।
राजनाथ सिंह के अनुसार, किसी भी राष्ट्र की प्रगति सिर्फ नई तकनीक विकसित करने से नहीं मापी जाती, बल्कि इस बात से भी तय होती है कि उस तकनीक से बने उत्पाद कितने सुरक्षित, भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाले हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यह बात और भी मायने रखती है, क्योंकि यहां एक छोटी-सी चूक भी गंभीर नतीजे ला सकती है। उनके मुताबिक, गुणवत्ता कोई महज कागजी औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह सैन्य अभियानों की सफलता और राष्ट्रीय सुरक्षा की बुनियाद है।
रक्षा मंत्री ने इस दिशा में गैर-विनाशकारी परीक्षण (एनडीटी) और मूल्यांकन तकनीकों की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने समझाया कि इन आधुनिक तकनीकों के जरिए किसी भी कलपुर्जे, सामग्री या ढांचे को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी आंतरिक स्थिति और मजबूती को परखा जा सकता है। इससे निर्माण के शुरुआती चरण में ही संभावित दोषों का पता लगाकर उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि अब हमारा ध्यान केवल खामियों को ढूंढने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसी कार्यसंस्कृति तैयार करनी होगी जिससे दोष उत्पन्न ही न हों। इसके लिए उत्पादन के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता को अनिवार्य रूप से शामिल करना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि देश के रक्षा क्षेत्र में नवाचार को गति देने के लिए कई संस्थागत व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं, जो नए विचारों और तकनीकी विकास को प्रोत्साहन दे रही हैं।
गैर-विनाशकारी मूल्यांकन के क्षेत्र में आ रहे आधुनिक बदलावों पर प्रकाश डालते हुए सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, उन्नत सेंसर, डिजिटल ट्विन और पूर्वानुमान विश्लेषण जैसी तकनीकों ने जांच और निगरानी के नए द्वार खोले हैं। इन तकनीकों के उपयोग से परीक्षण की गति और सटीकता में सुधार होगा, जटिल डेटा का बेहतर विश्लेषण हो सकेगा और उन बारीक खामियों को भी समय रहते पकड़ा जा सकेगा, जिन्हें पारंपरिक तरीकों से पहचानना कठिन होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये नई तकनीकें रक्षा उपकरणों की सुरक्षा और विश्वसनीयता को और सुदृढ़ करने में कारगर साबित होंगी।



