ईटानगर में गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल पुलिस को प्रदान किया ‘राष्ट्रपति निशान’, देश का 17वाँ सम्मानित बल बना

अरुणाचल प्रदेश पुलिस को शनिवार को राजधानी ईटानगर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘राष्ट्रपति निशान’ (President’s Colour) से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में गृह मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धियां न सिर्फ पुलिस बल, बल्कि पूरे राज्य के नागरिकों के लिए गर्व की बात है। उगते सूर्य के प्रदेश के रूप में पहचाने जाने वाले अरुणाचल प्रदेश की सामरिक महत्ता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ की स्थिरता, खुशहाली और सुरक्षा समूचे राष्ट्र के हित से जुड़ी हुई है।
समारोह के दौरान गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘राष्ट्रपति निशान’ 15 साल से ज्यादा समय तक उत्कृष्ट वीरता, अनुशासन, पेशेवर दक्षता और बलिदान के साथ सेवा करने वाले पुलिस बल को प्रदान किया जाता है। देश भर में अब तक यह सम्मान हासिल करने वाला अरुणाचल प्रदेश पुलिस 17वाँ बल बन गया है। वर्तमान में चार रेंज और 29 पुलिस जिलों में कार्यरत इस बल की ताकत 16 हजार से अधिक है, जिसमें अरुणाचल सशस्त्र पुलिस की दो और इंडियन रिजर्व बटालियन की पांच बटालियनें शामिल हैं।
अरुणाचल पुलिस की स्थापना के दौर का जिक्र करते हुए श्री शाह ने बताया कि शुरुआती दिनों में राज्य में असम राइफल्स सुरक्षा व्यवस्था संभालती थी। वर्ष 1971 में तत्कालीन नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) के दौर में वरिष्ठ अधिकारी एल.बी. सेवा ने इस पुलिस बल की शुरुआत की थी। वर्ष 1974 में मिजोरम में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहादत देने वाले एल.बी. सेवा को नमन करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उनका बोया हुआ बीज आज एक विशाल वटवृक्ष बनकर सर्वोच्च सम्मान का भागीदार बना है।
सीमा सुरक्षा और आंतरिक चुनौतियों पर बात करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यद्यपि अरुणाचल के निवासी शांत, धार्मिक और खेती-व्यापार व शिक्षा में रमे रहने वाले लोग हैं, लेकिन राज्य की 1863 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा इसे संवेदनशील बनाती है। यह सीमा चीन (1226 किमी), म्यांमार (520 किमी) और भूटान (217 किमी) से लगती है। उन्होंने आगाह किया कि ‘डेथ ट्रायंगल’ के मुहाने पर होने के कारण यहाँ से देश भर में ड्रग्स की तस्करी का खतरा बना रहता है।
अमित शाह ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के दृष्टिकोण से अरुणाचल प्रदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उग्रवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स नेटवर्क और साइबर अपराधों के खिलाफ अरुणाचल पुलिस की कार्रवाई को सराहनीय बताया। अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘राष्ट्रपति निशान’ मिलने से पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ेगा और वे पहले से कहीं अधिक निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।



