पीएफ सदस्यों को बड़ी राहत: एसडब्ल्यूपी से रिटायरमेंट के बाद मिलेगी नियमित आय, निकासी नियमों में भी हुआ बदलाव

केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि पीएफ में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (एसडब्ल्यूपी) लागू करने के फैसले से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के करोड़ों सदस्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद भी नियमित आय सुनिश्चित हो सकेगी।
‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो बयान में डॉ. मांडविया ने बताया कि ईपीएफओ ने करोड़ों पीएफ खाताधारकों के लिए एसडब्ल्यूपी की सुविधा को हरी झंडी दे दी है। अब सदस्य रिटायरमेंट के बाद अपनी जमा राशि एकमुश्त निकालने के स्थान पर अपनी सहूलियत के हिसाब से हर महीने, हर तीन महीने या हर छह महीने में किस्तों के रूप में पैसा निकाल सकते हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस सुविधा को अपनाना पूरी तरह से सदस्य की इच्छा पर निर्भर करेगा और प्रत्येक किस्त की निकासी के बाद खाते में बची शेष राशि पर ब्याज जुड़ता रहेगा।
ईपीएफओ के मुताबिक, इस योजना की रूपरेखा रिटायरमेंट के बाद सदस्यों को एक सुरक्षित और स्थिर आय स्रोत प्रदान करने के लिए तैयार की गई है, जिससे वे अपनी जीवनभर की बचत का प्रबंधन बेहतर ढंग से कर सकें। इसके साथ ही, संगठन ने अपने करोड़ों सदस्यों को राहत देते हुए 55 वर्ष तक की आयु वाले खाताधारकों के लिए पीएफ खाते से निकासी की सीमा 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत कर दी है। इस बदलाव से जरूरत के समय कर्मचारियों के पास अधिक धन उपलब्ध हो सकेगा।
वहीं, नौकरी समाप्त होने की स्थिति में कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को कम करने के लिए पीएफ निकासी की प्रतीक्षा अवधि को 12 माह से घटाकर केवल 2 माह कर दिया गया है, ताकि वे समय पर अपनी जमापूंजी का उपयोग कर सकें। नई एसडब्ल्यूपी प्रणाली से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह लाभ भी मिलेगा कि उन्हें बेहतर रिटर्न की तलाश में जोखिम वाले बाजार विकल्पों में पैसा लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वे ईपीएफओ की ब्याज दर का लाभ लेते हुए नियमित किस्तों में अपनी आय प्राप्त करते रहेंगे।



