राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की बड़ी उपलब्धि, नौ महीने में पार हुआ 1 करोड़ खुराक का आंकड़ा

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे ‘राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान’ ने लॉन्च होने के नौ महीने से भी कम समय में 1 करोड़ से अधिक खुराकें देने का कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2026 में प्रारंभ किए गए इस देशव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण से बचाना है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर की वजह बनता है।
इस योजना के तहत 14 साल की उम्र की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर सिंगल-डोज एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह मुफ्त और सुरक्षित रूप से दी जा रही है। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसे लगाने से पहले माता-पिता की सहमति ली जाती है। अभियान के तहत एक वर्ष में लगभग 1.2 करोड़ किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित था, जिसमें से करीब 87 प्रतिशत टीकाकरण नौ महीने के भीतर ही संपन्न हो चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान ने बेटियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने में ऐतिहासिक पड़ाव पार किया है। उन्होंने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार की सराहना की, जिन्होंने 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है। इसके अलावा 12 अन्य राज्यों में भी 80 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण पूरा हो चुका है।
जेपी नड्डा ने यह भी उल्लेख किया कि यह उपलब्धि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, डॉक्टरों, फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों और माता-पिता की साझा प्रतिबद्धता का परिणाम है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और यू-विन के जरिए पात्र किशोरियों को सहजता से मिल रही इस सुविधा के दम पर भारत सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।
दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी एक संदेश जारी कर कहा कि 1 करोड़ से ज्यादा खुराकों का दिया जाना एक बड़ी उपलब्धि है और प्रत्येक खुराक एक लड़की के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। मंत्रालय ने 14 वर्ष की बेटियों के माता-पिता से आग्रह किया है कि वे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर संपर्क करें और अपनी सहमति से इस मुफ्त सिंगल-डोज टीकाकरण का लाभ उठाएं।



