IORA मंत्रिपरिषद की 25वीं बैठक संपन्न: भारत में बनेंगे दो उत्कृष्टता केंद्र, पांच लाख डॉलर की वित्तीय मदद भी मिलेगी

भारत की मेजबानी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अध्यक्षता में शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ (IORA) की काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (COM) की 25वीं बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश में दो नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) स्थापित करने संबंधी भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इसके अतिरिक्त, भारत ने संगठन को अधिक सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत IORA की संस्थागत एवं वित्तीय क्षमता के विस्तार हेतु पांच लाख अमेरिकी डॉलर की आर्थिक सहायता प्रदान करने का ऐलान किया।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इन दोनों केंद्रों की स्थापना देश के दो प्रमुख संस्थानों में की जाएगी। पहला उत्कृष्टता केंद्र गोवा में सीएसआईआर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी (एनआईओ) परिसर में बनेगा, जो समुद्री विज्ञान पर केंद्रित एक ‘IORA डिजिटल इनोवेशन हब’ के रूप में कार्य करेगा। दूसरा केंद्र गुजरात स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में स्थापित होगा, जिसे समुद्री कानून के लिए ‘IORA सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
विचार-विमर्श के दौरान सदस्य देशों के मंत्रियों ने हिंद महासागर क्षेत्र से जुड़े प्रमुख क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण साझा किए और द्विपक्षीय व बहुपक्षीय सहयोग को गहरा करने पर जोर दिया। बैठक में IORA की वर्ष 2028 से 2032 तक की आगामी कार्य योजना पर चर्चा होने के साथ-साथ संवाद साझेदार देशों के साथ सहयोग के संभावित नए क्षेत्रों की भी पहचान की गई। बैठक के अंत में ‘दिल्ली कम्युनिके 2026’ को अपनाया गया, जिसमें हिंद महासागर क्षेत्र को शांत, स्थिर और समृद्ध बनाए रखने का साझा संकल्प व्यक्त किया गया।
नई दिल्ली में हुए इस आयोजन में IORA के सभी 23 सदस्य राष्ट्रों के विदेश मंत्रियों व प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों के साथ 12 संवाद साझेदार देशों, पर्यवेक्षकों और विशेष एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। बैठक में ईरान की ओर से बहुपक्षीय एवं अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग मामलों के महानिदेशक अलीरेजा तूतोनचियन शामिल हुए। वहीं, फ्रांस के हिंद महासागर क्षेत्रीय सहयोग के विशेष दूत जीन-क्लाउड ब्रुनेट ने क्षेत्र की सशक्त और प्रभावी उपस्थिति की वकालत करते हुए साझा समस्याओं के सामूहिक और व्यावहारिक हल निकालने की आवश्यकता पर बल दिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से हिंद महासागर मामलों के विशेष दूत टिम वॉट्स ने नई दिल्ली आकर बैठक में भाग लिया। इस संदर्भ में भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने हिंद महासागर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के साझा रणनीतिक हितों का केंद्र बताते हुए IORA को आपसी सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच करार दिया। विज्ञान, कानून, आर्थिक विकास और समुद्री सुरक्षा के मोर्चे पर क्षेत्रीय एकजुटता बढ़ाने के लिहाज से इस बैठक को एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।



