समुद्री व्यापार और नाविकों की सुरक्षा के लिए वैश्विक एकजुटता जरूरी: विदेश मंत्री एस जयशंकर

नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) की जनरल डिबेट को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने समुद्री जहाजों और नाविकों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन समुद्री खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विश्व के सभी देशों को आपसी तालमेल के साथ मिलकर काम करना होगा। जयशंकर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य बहुत तेजी से बदल रहा है और इस दौर में जहां एक ओर संघर्ष, तनाव और व्यवधान जैसी गंभीर चुनौतियां सामने हैं, वहीं दूसरी ओर कई सकारात्मक संभावनाएं भी उभर रही हैं।

वैश्विक परिस्थितियों पर अपने विचार साझा करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि दुनिया में बढ़ रहे विवादों, तनाव और अवरोधों पर स्वाभाविक रूप से सभी का ध्यान जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही हमें गहरी आपसी निर्भरता, सशक्त वैश्वीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से प्राप्त होने वाले लाभों को भी अनदेखा नहीं करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि हिंद महासागर क्षेत्र इन वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकालने के लिए बेहद अनुकूल स्थिति में है। वैश्विक आर्थिक विकास में समुद्री व्यापार की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हिंद महासागर में सुरक्षा और संरक्षा बनाए रखना सभी राष्ट्रों की साझा जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने ‘संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि’ (यूएनसीएलओएस) सहित सभी अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पूर्ण सम्मान पर भी जोर दिया।

क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर बात करते हुए जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई हो, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगानी हो, अवैध और अनियमित तरीके से मछली पकड़ने की गतिविधियों को रोकना हो या जलवायु परिवर्तन से जुड़ी आपदाओं व आपात स्थितियों से निपटना हो, इन सभी मोर्चों पर हमें स्वयं को अधिक आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सहयोगी देशों के साथ साझेदारी को भी मजबूत करना होगा।

गौरतलब है कि यह बैठक वर्ष 2025-2027 के लिए भारत की आईओआरए अध्यक्षता के अंतर्गत हो रही है, जिसका मुख्य विषय ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और अनुकूलन क्षमता’ रखा गया है। आईओआरए में कुल 23 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, कोमोरोस, फ्रांस, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन हैं। इसके अतिरिक्त चीन, मिस्र, यूरोपीय संघ, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका सहित 12 देश व समूह इसके संवाद साझेदार हैं।

संगठन की कार्यप्रणाली के तहत ‘काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स’ आईओआरए का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है, जिसमें सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्री भाग लेते हैं। यह परिषद संगठन की नीतियों और रणनीतिक दिशा का निर्धारण करती है। इसके मुख्य दायित्वों में सदस्य राष्ट्रों के बीच चल रहे सहयोग की प्रगति का मूल्यांकन करना, साझेदारी के नए क्षेत्रों की तलाश करना और संगठन के लक्ष्यों को गति देने के लिए आवश्यक फैसले लेना शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button