CBI के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं के कविता

भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के कविता ने राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दायर कर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के जरिए की गई गिरफ्तारी के आवेदन या आदेश को रजिस्ट्री में दर्ज करने की मांग की है। तेलंगाना के पूर्व सीएम के.चंद्रशेखर राव की बेटी कविता को जांच एजेंसी ने तिहाड़ जेल में गिरफ्तार किया। बता दें कि वह पहले से ही दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल बंद हैं। जज मनोज कुमार के सामने कविता के वकील नीतेश राणा वर्चुअली और वकील मोहित राव फिजिकली कोर्ट में पेश हुए। ड्यूटी जज ने शुक्रवार 12 अप्रैल सुबह 10 बजे इस केस पर सुनवाई के लिए लिस्टिंग की है। के कविता की हिरासत की मांग करने वाली CBI की याचिका भी शुक्रवार को कोर्ट में आने की उम्मीद है।



