मुख्यमंत्री ने किया 345.34 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प हर बहन के जीवन में खुशहाली लाना है, और उनकी खुशहाली ही सरकार का मिशन है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति और नीयत दोनों साफ हैं, और लाड़ली बहना योजना जैसी पहलें बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 28वीं किस्त के रूप में 1541 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इसके अलावा, उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 53 लाख से अधिक हितग्राहियों को 320.89 करोड़ रुपए और 31 लाख से अधिक बहनों को एलपीजी सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 48 करोड़ रुपए वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पेटलावद में 345.34 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। उन्होंने घोषणा की कि दीपावली के बाद हर महीने ₹1500 दिए जाएंगे, और धीरे-धीरे यह राशि ₹3000 तक बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का खजाना बहनों के लिए भरा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए बताया कि वे 17 सितंबर को धार में पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे, जो मालवांचल की तस्वीर बदल देगा। उन्होंने ‘झाबुआ के संजीवक’ नामक पुस्तक का विमोचन किया और दिव्यांगजनों को मोटर साइकिलें वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों और राहवीर योजना जैसे कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने झाबुआ के भगौरिया पर्व को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने और महिलाओं को 33% आरक्षण मिलने की बात भी कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button