मिजोरम में विकास की नई सुबह: PM मोदी ने बैराबी-सायरंग रेलवे लाइन को हरी झंडी दिखाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिन के पूर्वोत्तर दौरे के तहत शनिवार को मिजोरम पहुँचे। आइजोल के लेंगपुई एयरपोर्ट पर उन्होंने ₹9000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सबसे खास बैराबी-सायरंग रेलवे लाइन है, जिसके बनने से मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार देश के मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगी। इसी मौके पर पीएम मोदी ने आइजोल-दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो 2,510 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। खराब मौसम के कारण सभी कार्यक्रम एयरपोर्ट से ही पूरे किए गए।

अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण मिजोरम को अनदेखा किया, लेकिन अब यह राज्य विकास की मुख्यधारा में आ गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि बदलाव की जीवनरेखा है। पीएम ने मिजोरम के लोगों के योगदान की तारीफ की। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है, जिसके तहत 11 एकलव्य आवासीय स्कूल बनाए गए हैं और 6 और बनने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में करीब 4500 स्टार्टअप और 25 इनक्यूबेटर काम कर रहे हैं। ‘उड़ान योजना’ के तहत यहाँ जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवाएँ भी शुरू होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button