रतलाम में मुख्यमंत्री ने सुनी शिकायत, ऑन-स्पॉट कार्रवाई के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों की समस्याओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए, रतलाम जिले के सैलाना तहसील के करिया गांव में एक व्यक्ति को न्याय का आश्वासन दिया। अपने हालिया दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री को स्थानीय निवासी पूनमचंद बामनिया ने एक फाइनेंस कंपनी द्वारा की गई धोखाधड़ी की शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तत्काल मौके पर ही पुलिस अधिकारियों को संबंधित के विरुद्ध धारा 420 के तहत कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता पूनमचंद को ढाढस बंधाते हुए कहा कि उन्हें इंसाफ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर, रतलाम पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने आवेदन का संज्ञान लिया और जांच डायरी मंगवाई। प्रारंभिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर, संबंधित थाना प्रभारी (टीआई) को कारण बताओ नोटिस जारी कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।


