मुरैना सोलर-प्लस-स्टोरेज परियोजना को मिली ऐतिहासिक सफलता, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने मुरैना में शुरू हुई ‘सोलर-प्लस-स्टोरेज’ परियोजना को ‘सेवा पखवाड़ा’ के दौरान देश को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को पूरे देश में ग्रीन ऊर्जा उत्पादन और स्टोरेज की नई राह खोलने वाला बताया।

मध्य प्रदेश ने इस परियोजना के लिए निविदा में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है, जहाँ बिजली की दर ₹2.70 प्रति यूनिट रही, जो अब तक की सबसे कम टैरिफ दर है। यह देश की पहली परियोजना है, जो ₹3 प्रति यूनिट से कम पर फर्म और डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी उपलब्ध कराएगी। यह परियोजना 95% की वार्षिक उपलब्धता सुनिश्चित करती है, जो देश की अन्य परियोजनाओं में अब तक केवल 85% थी।

परियोजना की संरचना और क्षमता

रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड (RUMSL) द्वारा क्रियान्वित इस परियोजना में दो इकाइयाँ स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से प्रत्येक से 220 मेगावॉट ऊर्जा का उत्पादन होगा। यह परियोजना तीन चरणों में काम करेगी:

  1. पहला चरण: दिन में सौर ऊर्जा (220 मेगावॉट तक)।
  2. दूसरा चरण: शाम के पीक आवर्स में बैटरी में संचित ऊर्जा से 2 घंटे की आपूर्ति।
  3. तीसरा चरण: सुबह के पीक आवर्स में रात में ग्रिड से चार्ज की गई बैटरी से 2 घंटे की आपूर्ति।

यह अभिनव तरीका बैटरी का दिन में दो बार उपयोग सुनिश्चित करता है, जिससे लागत में कमी आती है और सुबह-शाम के पीक आवर्स में कुल 440 मेगावॉट की आपूर्ति सुनिश्चित होती है।

निवेश और भविष्य की संभावनाएँ

परियोजना की ई-रिवर्स नीलामी 12 घंटे तक चली, जिसमें 16 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने हिस्सा लिया। यूनिट-1 के लिए Ceigall India Ltd ने ₹2.70 प्रति यूनिट और यूनिट-2 के लिए Acme Solar Holding Ltd ने ₹2.764 प्रति यूनिट की दर से बोली जीती। यह दर कोयला आधारित बिजली की तुलना में अधिक किफायती है।

RUMSL ने इस परियोजना को निवेश के लिए पूरी तरह से तैयार किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। परियोजना में मजबूत 3-स्तरीय भुगतान सुरक्षा तंत्र है, जिसमें राज्य गारंटी भी शामिल है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने इस परियोजना को चंबल क्षेत्र के लिए आर्थिक और सामाजिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button