कफ सिरप त्रासदी: CM ने निरस्त किए दौरे, छिंदवाड़ा से दिया सख्त संदेश- ‘दोषी को कठोरतम दंड दिलाया जाएगा’।

परासिया (छिंदवाड़ा)। कफ सिरप त्रासदी के बाद उपजे दुखद माहौल में, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सोमवार को छिंदवाड़ा के परासिया का दौरा किया। उन्होंने अपने सभी पूर्व निर्धारित सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए और सीधे मृत बच्चों के परिजनों से मिलने उनके घर पहुँचे।

मुख्यमंत्री ने नगर परिषद न्यूटन के खान परिवार और ग्राम बेलगांव के डेहरिया परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपना गहन दुःख व्यक्त किया। इसके बाद, उन्होंने परासिया मुख्यालय, दीघावानी, उमरेठ, बड़कुही, सेठिया और इकलेहरा सहित विभिन्न स्थानों पर पीड़ित परिवारों—यदुवंशी, सोनी, ठाकरे, पिपरे और उईके परिवारों—से मुलाकात की।

पीड़ित परिवारों को भावनात्मक आश्वासन दुख बांटते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस हृदयविदारक दुर्घटना का दुख पूरी सरकार का है। उन्होंने कहा, “वेदना की इस घड़ी में राज्य सरकार हर कदम पर आपके साथ है। आपको खुद को असहाय या अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है और उन्हें कठोरतम दंड दिलाया जाएगा।

न्यूटन में, एक पीड़ित माता आफरीन ने मुख्यमंत्री से अस्पताल में भर्ती बच्चों को बचाने की मार्मिक अपील की। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति कतई न होने देने के लिए सख्त निर्देश दिए।

उच्चस्तरीय जांच और प्रशासनिक कार्यवाही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को बताया कि सरकार ने इस मामले में सख्त कार्यवाही की है।

  1. तमिलनाडु की संबंधित फैक्ट्री की दवाइयों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
  2. तीन अधिकारी निलंबित: उप औषधि नियंत्रक श्री शोभित कोष्टा, औषधि निरीक्षक श्री शरद जैन, और औषधि निरीक्षक श्री गौरव शर्मा।
  3. फूड एंड ड्रग कंट्रोलर का स्थानांतरण किया गया है।
  4. संबंधित डॉक्टर, मेडिकल स्टोर और दवा स्टॉकिस्ट पर भी कठोर कार्यवाही की गई है।

उन्होंने दोहराया कि उच्चस्तरीय जांच जारी है और सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस दौरान छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू और अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button