ऊर्जा संरक्षण हम सबकी अनिवार्य जिम्मेदारी: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि ऊर्जा संरक्षण केवल किसी संस्था या सरकार का विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी के बेहतर जीवन का अनिवार्य पहलू है। उन्होंने जोर दिया कि “ऊर्जा की बचत ही ऊर्जा का उत्पादन है” और इसके महत्व को जन-जागरण का मुद्दा बनाना समाज के हर व्यक्ति की महती जिम्मेदारी है।
राज्यपाल श्री पटेल भोपाल के सुभाष भवन में विद्युत मंत्रालय के ऊर्जा संरक्षण अभियान 2025 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दो श्रेणियों के विजेताओं को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि चित्रकला अंतर्मन की मार्मिक अभिव्यक्ति है और विद्यार्थियों के बनाए गए चित्र अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन करें और ऊर्जा संरक्षण के संदेशों का अनुसरण करें। राज्यपाल ने कहा कि ऊर्जा बचत की शुरुआत घर से होनी चाहिए और यह बचत राष्ट्र विकास में योगदान है।
राज्यपाल ने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य की पीढ़ी को ‘ऊर्जा साक्षर’ बनाने के लिए ऊर्जा संरक्षण के महत्व को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने ऊर्जा संरक्षण और अच्छे स्वास्थ्य के लिए अनुशासन को जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित दिनचर्या, पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम का पालन करने की सलाह दी।
प्रतियोगिता का आयोजन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, एन.एच.डी.सी. लिमिटेड और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किया गया था। एन.एच.डी.सी. के प्रबंध निदेशक श्री राजीव जैन ने स्वागत भाषण दिया।



