पन्ना अब वैश्विक ब्रांड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘डायमंड स्टेट’ को दी जीआई टैग की बधाई, ₹83 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को पन्ना जिले की पवई विधानसभा क्षेत्र के शाहनगर में आयोजित हितग्राही सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पन्ना की रत्नगर्भा भूमि ने खुद के साथ मध्य प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने पन्ना डायमंड को जीआई टैग मिलने पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे पन्ना की पहचान पर अब वैश्विक मुहर लग गई है। अब यह हीरा ‘पन्ना डायमंड’ ब्रांड के नाम से पूरी दुनिया में जाना जाएगा, जिससे अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में पहचान, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
डॉ. यादव ने इस दौरान 83 करोड़ रुपये की लागत वाले 14 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 9 करोड़ रुपये की लागत से बने बिसानी-श्यामगिरी-कल्दा-सलेहा वाया मैन्हा मार्ग का उन्नयन कार्य और पवई में ₹4.25 करोड़ की लागत से बनने वाले तिघरा बैराज का भूमिपूजन शामिल है।
🎯 मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ:
-
रैपुरा में नवीन महाविद्यालय खोला जाएगा।
-
वर्तमान ग्राम पंचायत शाहनगर को नगर परिषद बनाया जाएगा।
-
शाहनगर ब्लॉक में दो अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे।
-
करीब 135 करोड़ की लागत से टिकरिया-रीठी वाया खमरिया मार्ग का निर्माण होगा।
-
शाहनगर-बोरी-चमरईया सड़क मार्ग का चौड़ीकरण और पुराने बांधों की नहरों का सर्वे तथा मरम्मत कराई जाएगी।
-
पवई और शाहनगर महाविद्यालयों में विधि और विज्ञान संकाय शुरू किए जाएंगे।
-
शाहनगर के बंद उद्योग फिर से शुरू कराए जाएंगे।
विकास और सशक्तिकरण पर ज़ोर: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार पन्ना में ₹15 करोड़ की लागत से डायमंड बिजनेस पार्क तैयार कर रही है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था में नया अध्याय लिखेगा। इसके अलावा, बड़ागांव में 40 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक पार्क का विकास लगभग पूर्ण है। वर्षों से बंद पड़ी एनएमडीसी परियोजना को पुनः शुरू किया गया है, जिससे बड़े स्तर पर हीरों का खनन फिर से प्रारंभ हो गया है।
उन्होंने कहा कि केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना से जिले की 1 लाख 35 हज़ार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 600 से अधिक गांवों में पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पन्ना की प्रगति की सराहना करते हुए बताया कि यहाँ 10,301 स्व-सहायता समूहों की 1 लाख से अधिक महिलाओं को ₹180 करोड़ से अधिक का बैंक लिंकेज मिला है, जिससे लगभग 18 हज़ार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी, जिसके लिए 25 एकड़ भूमि आवंटित हो चुकी है।



