मौसम अपडेट :

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में रविवार को न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
-
मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी: MP के अधिकांश शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। इंदौर में रविवार रात 5.7 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो पिछले 10 साल का रिकॉर्ड है। इससे पहले, 2015 में 7 डिग्री न्यूनतम तापमान था। भोपाल में तीन दिन से शीतलहर चल रही है।
-
उत्तर प्रदेश में घना कोहरा: सोमवार को यूपी के 20 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 10 मीटर तक घट गई। अयोध्या सबसे ठंडा शहर रहा, जहाँ पारा 5.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
-
पहाड़ी राज्यों का हाल: जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में तापमान शून्य से काफी नीचे है। अमरनाथ यात्रा बेस कैंप -4.3 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में -14°C और केदारनाथ में -17°C तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है।
-
बिहार में शीतलहर का अलर्ट: बिहार के शेखपुरा में रविवार को 8.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को शीतलहर का अलर्ट दिया है और 30 किमी/घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
-
राजस्थान में मामूली राहत: राजस्थान में बादलों के कारण सर्द हवाओं की गति थोड़ी धीमी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।



