मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फंदा में किया विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन; फंदा का नाम ‘हरिहर नगर’ करने की घोषणा

मध्य प्रदेश सरकार के विकास और सेवा के सफलतम दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल-सीहोर मार्ग पर फंदा स्थित महाराणा प्रताप विद्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य स्वागत द्वार और पीएम ई-बस सेवा के तहत अत्याधुनिक ई-बस डिपो का भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि भोपाल में विरासत और विकास का इतिहास रचा जा रहा है। राजधानी में गौरवशाली अतीत को अभिव्यक्त करते हुए 9 भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में की गई प्रमुख घोषणाएँ:
-
ग्राम फंदा का नाम बदलकर हरिहर नगर करने के प्रस्ताव पर कार्रवाई होगी।
-
ग्राम तूमड़ा में शाला भवन के लिए 5 करोड़ रुपये और फंदा में कॉलेज भवन निर्माण की घोषणा।
-
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बड़े तालाब को गहरा करने का कार्य किया जाएगा।
-
लाड़ली बहनें, किसान कल्याण और बेहतर शिक्षा (सांदीपनि विद्यालय) पर सरकार का निरंतर कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्राट विक्रमादित्य के सिद्धांतों पर चलते हुए सुशासन प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े सभी धर्मस्थलों को सर्वसुविधायुक्त बना रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों, जैसे भावांतर योजना, लाड़ली बहना योजना और औद्योगिक विकास की सराहना की।


