सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज: सीएम डॉ. मोहन यादव और जेपी नड्डा ने किया मेडिसिटी व शिप्रा घाटों का निरीक्षण

उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को उज्जैन में निर्माणाधीन मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज और शिप्रा नदी के घाटों का विस्तृत निरीक्षण किया। शांति पैलेस के पीछे दाऊद खेड़ी में बन रहे इन घाटों का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए शिप्रा नदी के दोनों तटों पर 29 किलोमीटर लंबे नए घाट बनाए जा रहे हैं।
इन घाटों के बन जाने के बाद एक ही दिन में 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकेंगे। योजना के अनुसार, इन घाटों को सीधे हाईवे से जोड़ा जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को शहर के ट्रैफिक में उलझना न पड़े। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से उज्जैन का कायाकल्प हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने वहां काम कर रहे श्रमिकों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।


