मप्र कुटीर उद्योग का कायाकल्प: भोपाल में बनेगा खादी मॉल, 8 हजार नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की आगामी 3 वर्ष की कार्ययोजना को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के तहत प्रदेश में खादी उत्पादन क्षमता को दोगुना किया जाएगा और करीब 8 हजार नए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। भोपाल के एमपी नगर में एक आधुनिक ‘खादी मॉल’ का निर्माण किया जाएगा, जबकि जबलपुर और उज्जैन के एम्पोरियम का नवीनीकरण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के गौरवशाली उत्पादों जैसे महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग का एकीकृत डेटा तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा अतिथियों को भेंट करने के लिए मध्य प्रदेश के हेरिटेज महेश्वरी स्टोल का चयन किया गया है, जिसकी मांग विदेशी दूतावासों में भी बढ़ रही है। देवास के बालगढ़ में 15 करोड़ की लागत से पोनी प्लांट की स्थापना और ग्वालियर तेलघानी केंद्र का उन्नयन भी इस कार्ययोजना का हिस्सा है।



