राज्यपाल ने ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम की बेटियों का किया सम्मान, बताया महिला सशक्तिकरण का प्रतीक

भोपाल: मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सोमवार को राजभवन में राष्ट्रीय ब्लाइंड महिला टी-20 क्रिकेट टीम की प्रदेश की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों—सुश्री सुषमा पटेल (दमोह), सुश्री सुनीता सराठे (नर्मदापुरम) और सुश्री दुर्गा येवले (बैतूल)—से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए कहा कि यह जीत दिव्यांगजनों के हौसले और दिव्यता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इन बेटियों को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया और कहा कि उनकी उपलब्धि हर देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। श्री पटेल ने खिलाड़ियों और उनके कोच का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला (ब्लाइंड) क्रिकेट टीम ने 23 नवंबर 2025 को कोलंबो में आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।


