मुंबई सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान शुरू, दिग्गजों ने सुबह-सुबह डाले वोट

महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के महाकुंभ का आगाज हो चुका है। आज, 15 जनवरी गुरुवार को सुबह 7:30 बजे से राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस मतदान में राज्य के लगभग 3.48 करोड़ मतदाता कुल 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

पूरे राज्य की नजरें विशेष रूप से देश की सबसे अमीर नगर निकाय, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर टिकी हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर उत्साह देखा गया। नागपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं मुंबई में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, मनसे प्रमुख राज ठाकरे के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और नाना पाटेकर ने भी सुबह-सुबह पहुंचकर वोट डाला।

शुरुआती दो घंटों के आंकड़ों के अनुसार, बीएमसी में औसतन 6.98% मतदान दर्ज किया गया है। पश्चिमी उपनगरों के वार्ड संख्या 18 में सबसे ज्यादा 11.57% वोटिंग हुई, जबकि पूर्वी उपनगरों के वार्ड 162 में सबसे कम 1.68% मतदान रहा। पुणे में भी सुबह 9:30 बजे तक 5.50% वोटिंग दर्ज की गई है। राज्य भर के 893 वार्डों की कुल 2,869 सीटों के लिए यह चुनावी मुकाबला जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button