मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ‘आईएफएस मीट-2026’ का शुभारंभ; डॉ. पी.बी. गंगोपाध्याय को मरणोपरांत लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में ‘वानिकी सम्मेलन एवं आई.एफ.एस. मीट-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वन विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कूनो में चीतों की सफल पुनर्स्थापना विभाग की दक्षता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने पूर्व पीसीसीएफ स्वर्गीय डॉ. पी.बी. गंगोपाध्याय को वनों की सुरक्षा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया, जिसे उनकी पत्नी श्रीमती गौरी गंगोपाध्याय ने ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वन विभाग के विशेष ‘थीम सॉन्ग’ और वीडियो का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि आईएफएस मीट जैसे आयोजन न केवल पेशेवर संवाद का माध्यम हैं, बल्कि यह वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों के बीच पारिवारिक आत्मीयता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में वन राज्यमंत्री दिलीप सिंह अहिरवार और अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



