मौसम अपडेट :

उत्तर भारत के मौसम चक्र में एक बड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हलचल तेज हो गई है। इसका सबसे व्यापक असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखा जा रहा है, जहां 3 फरवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पहाड़ों का हाल: हाड़ कंपाने वाली ठंड और फिसलन हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में कुदरत का सफेद कहर जारी है। लाहौल-स्पीति के रोहतांग और भरमौर में करीब 6 इंच तक ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है। कल्पा में पारा गिरकर -3.8°C तक पहुँच गया है, जबकि शिमला-ठियोग-रामपुर नेशनल हाईवे पर बर्फ की चादर बिछने से गाड़ियों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान -8°C और लद्दाख के द्रास में न्यूनतम तापमान -15.1°C रिकॉर्ड किया गया, जिसने जनजीवन को प्रभावित किया है।
मैदानी राज्यों में वर्षा और कोहरे का दोहरा अलर्ट
-
मध्य प्रदेश: प्रदेश में ओले गिरने और बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भोपाल और ग्वालियर समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
-
राजस्थान: मरुधरा में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 28.5°C तक जा पहुँचा है, लेकिन 17 जिलों में घने कोहरे और 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है।
-
बिहार व पंजाब: बिहार के 5 जिलों में कोहरे का साया है और आगामी 48 घंटों में बारिश की संभावना है। पंजाब के 15 जिलों में भी कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है, हालांकि यहाँ अधिकतम तापमान में 1.4°C की मामूली बढ़त हुई है।



