उज्जैन से नई शुरुआत: अब घर बैठे मिलेगा महाकाल और ओंकारेश्वर का प्रसाद, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया डाक सेवा का शुभारंभ

उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में आयोजित ‘ग्रामीण डाक सम्मेलन’ में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रदेश के दो प्रमुख ज्योतिर्लिंगों—श्री महाकालेश्वर और श्री ओंकारेश्वर—की प्रसादी को श्रद्धालुओं के घर तक पहुँचाने के लिए विशेष पोस्टल सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
डाक विभाग का बदलता स्वरूप: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रिटिश काल से चली आ रही डाक व्यवस्था अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आधुनिक और निर्णायक स्वरूप ले चुकी है। डाक विभाग अब केवल पत्र पहुँचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बीमा, बचत योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं का सशक्त माध्यम बन गया है। मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश के 16,800 से अधिक ग्रामीण डाक सेवकों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ‘मजबूत नींव’ बताते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाक नायकों को सम्मानित भी किया।
भविष्य की योजनाएं: केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घोषणा की कि डाक विभाग को दुनिया की सबसे बड़ी लॉजिस्टिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग अब ड्रोन तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहनों और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग कर 24 से 48 घंटे के भीतर पार्सल डिलीवरी सुनिश्चित करेगा।



