भोपाल की सड़कों पर उतरा ‘सोलर रथ’, मंत्री राकेश शुक्ला ने पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिए निर्देश

भोपाल: मध्यप्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने ऊर्जा भवन में विभागीय अधिकारियों और वेंडर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। मंत्री श्री शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना’ का क्रियान्वयन इस तरह किया जाए कि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। बैठक से पूर्व उन्होंने ऊर्जा भवन परिसर से “सोलर रथ सह मोबाइल बूथ वैन” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में योजना का प्रचार-प्रसार करेगी।
योजना की सुगमता और समाधान: बैठक के दौरान मंत्री श्री शुक्ला ने वेंडर्स से सीधा संवाद किया और जमीन स्तर पर आ रही तकनीकी व व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वेंडर्स की समस्याओं का निराकरण विभागीय स्तर पर त्वरित रूप से किया जाएगा, ताकि सौर ऊर्जा स्थापना के कार्य में गति आए और उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिलों से राहत मिल सके। इस अवसर पर शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावद और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।



