इजराइल में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर इजराइल पहुंच चुके हैं। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर विमान से उतरते ही इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नेतन्याहू ने बाहें फैलाकर पीएम मोदी को ‘अपना मित्र’ कहते हुए गले लगाया। बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की यह दूसरी इजराइल यात्रा है; इससे पहले उन्होंने 2017 में ऐतिहासिक दौरा किया था।

इस औपचारिक स्वागत के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी हुआ। सारा नेतन्याहू ने इस अवसर पर विशेष रूप से भगवा (सैफरन) रंग का फॉर्मल सूट पहना था। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मुस्कुराते हुए पीएम मोदी के जैकेट में लगे पॉकेट स्क्वायर की ओर इशारा किया और कहा कि यह उनकी पत्नी की ड्रेस से मेल खा रहा है। इस हल्के-फुल्के मजाक पर तीनों नेता खिलखिलाकर हंस पड़े।

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए पीएम मोदी को एक ‘महान नेता’ बताया। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इजराइली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे। वे यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा, उनके कार्यक्रमों में भारतीय समुदाय का संबोधन और एक अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का दौरा भी शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button