मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गढ़ाकोटा के ऐतिहासिक रहस मेले का किया शुभारंभ; सागर को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सागर जिले के गढ़ाकोटा में 217 साल पुराने ऐतिहासिक रहस मेले का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बुंदेलखंड की वीर भूमि और यहाँ के पराक्रम को नमन करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आल्हा-ऊदल की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वीरों की भूमि है और यहाँ की संस्कृति अद्भुत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 196.72 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। उन्होंने घोषणा की कि रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ‘फूड पार्क’ की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही, रहली और गढ़ाकोटा कृषि मंडियों के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपये और शाहपुर उपमंडी के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर और 22 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण की भी मंजूरी दी। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने ढाना कॉलेज में नए संकाय खोलने और सांदीपनि विद्यालयों के विस्तार की बात कही। पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने मेले के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का सुझाव दिया।



