‘रा’ से राजस्थान और ‘म’ से मध्यप्रदेश मिलकर बढ़ा रहे ‘राम’ की महिमा: भीलवाड़ा में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को राजस्थान की ऐतिहासिक नगरी भीलवाड़ा स्थित हरिशेवा उदासीन आश्रम में आयोजित ‘सनातन मंगल महोत्सव’ और ‘दीक्षा समारोह’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने महामण्डलेश्वर स्वामी हंसरामजी महाराज का आशीर्वाद लिया और दीक्षा ग्रहण करने वाले तीन युवा संन्यासियों—श्री ईशानराम जी, श्री केशवराम जी और श्री सुमज्ञराम जी महाराज—का अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के सूत्र पर आधारित है, जहाँ केवल स्वयं का नहीं बल्कि पूरी सृष्टि के कल्याण की कामना की जाती है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि राजस्थान (रा) और मध्यप्रदेश (म) के मिलन से ‘राम’ की महिमा बढ़ रही है। डॉ. यादव ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश सरकार उन सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है जहाँ भगवान राम और कृष्ण के चरण पड़े थे। उन्होंने संतों और श्रद्धालुओं को वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले ‘सिंहस्थ महाकुंभ’ के लिए भावभीना आमंत्रण भी दिया।



