आत्मनिर्भर भारत@2047 की दिशा में मध्यप्रदेश का बड़ा कदम; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जारी किया वनों का भविष्यगामी रोडमैप

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत@2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’ की कार्ययोजना पर तेज़ी से काम शुरू कर दिया है। इस विजन के तहत प्रदेश के वन संसाधनों को 21वीं सदी की चुनौतियों के अनुरूप ढालने के लिए “विजन@2047: री-इमैजिनिंग फॉरेस्ट रिसोर्सेस फॉर द क्लाइमेट रेसिलियंट फ्यूचर” दस्तावेज तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वन केवल राज्य की नहीं बल्कि राष्ट्र की अनमोल धरोहर हैं। यह विजन डॉक्यूमेंट पारंपरिक वन प्रबंधन से आगे बढ़कर पारिस्थितिकी-आधारित और विज्ञान-आधारित दृष्टिकोण पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य न केवल वनों का संरक्षण करना है, बल्कि बदलती जलवायु, बढ़ते तापमान और वनों में लगने वाली आग जैसी चुनौतियों का ठोस समाधान निकालना भी है। शासन का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक प्रदेश में 33% हरित आच्छादन के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए और 2070 तक ‘नेट जीरो’ उत्सर्जन के राष्ट्रीय संकल्प में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाए।



