उज्जैन बनेगा खेलों का ग्लोबल हब: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 48.71 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय हॉकी टर्फ का किया भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन के स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर (नानाखेड़ा स्टेडियम) में खेल जगत को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने 48.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी टर्फ और अत्याधुनिक पवेलियन का भूमि-पूजन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महाकाल और श्री गोपाल कृष्ण के आशीर्वाद से उज्जैन अब खेलों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स के मैचों की मेजबानी इस स्टेडियम में कराना है। इस परियोजना के तहत न केवल हॉकी फील्ड, बल्कि एथलेटिक्स पवेलियन, पार्किंग, और परिसर की सड़कों का भी कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।



