शेयर बाज़ार अपडेट :

शेयर बाजार में लौटी रौनक, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से राहत
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने पिछले दिन की भारी गिरावट से उबरते हुए आज, 10 मार्च को शानदार वापसी की है। सेंसेक्स 640 अंकों (0.82%) की छलांग लगाकर 78,205 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 233 अंक (0.97%) चढ़कर 24,262 के स्तर पर पहुंच गया। इस तेजी का मुख्य कारण बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर के शेयरों में देखी गई खरीदारी रही।
कच्चे तेल में गिरावट का असर: ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी कमी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया। ब्रेंट क्रूड करीब 9% गिरकर 92.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं अमेरिकी तेल (WTI) भी 9% टूटकर 88.60 डॉलर के स्तर पर है। कीमतों में यह गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने मौजूदा युद्ध के ‘बहुत जल्द’ खत्म होने की उम्मीद जताई है। उनके इस बयान से ग्लोबल सप्लाई चेन को लेकर अनिश्चितता कम हुई है, हालांकि तेल की कीमतें अभी भी युद्ध-पूर्व स्तर से 30% अधिक हैं।
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। जहाँ 9 मार्च को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने ₹6,345 करोड़ के शेयर बेचकर बाजार में दबाव बनाया था, वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹9,014 करोड़ की शुद्ध खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया।
निवेश का आंकड़ा:
-
मार्च महीने का हाल: अब तक विदेशी निवेशकों ने ₹28,176 करोड़ की बिकवाली की है, जबकि घरेलू निवेशकों ने ₹41,800 करोड़ की खरीदारी कर बाजार को संतुलित रखने की कोशिश की है।
-
फरवरी का रिकॉर्ड: पिछले महीने भी विदेशी निवेशकों ने ₹6,640 करोड़ के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू निवेशकों ने ₹38,423 करोड़ का निवेश किया था।
आज की तेजी ने निवेशकों को कल (9 मार्च) की उस बड़ी गिरावट से राहत दी है, जब सेंसेक्स 1353 अंक और निफ्टी 422 अंक टूट गया था।



