आज खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, चारधाम यात्रा में बढ़ा उत्साह

चारधाम यात्रा 2026 के क्रम में बुधवार को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जा रहे हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पहले ही खुल चुके हैं, और अब लाखों श्रद्धालु केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन के लिए एकत्रित हो रहे हैं।

इस वर्ष चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।

कपाट खुलने से पहले बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव मूर्ति, जिसे चल विग्रह डोली के नाम से जाना जाता है, पारंपरिक विधियों के साथ धाम पहुंचाई गई। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ कपाट खोले जाएंगे। उन्होंने इस अवसर पर चारधाम यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी यात्रा के सफल और सुखद होने की कामना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए थे। उस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिससे पूरा वातावरण आस्था से सराबोर हो गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यमुनोत्री धाम 19 अप्रैल से 11 नवंबर तक, गंगोत्री धाम 19 अप्रैल से 10 नवंबर तक और केदारनाथ धाम 22 अप्रैल से 11 नवंबर तक खुला रहेगा। वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे और 13 नवंबर तक दर्शन जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button