शेयर बाज़ार अपडेट :

शेयर बाजार दबाव में: सेंसेक्स 700 अंक नीचे, आईटी शेयरों में भारी बिकवाली
आज घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स लगभग 700 अंक (0.95%) गिरकर 78,500 के स्तर पर पहुंच गया है, जबकि निफ्टी भी करीब 200 अंक (0.79%) टूटकर 24,400 के स्तर से नीचे आ गया है। कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर में सबसे अधिक बिकवाली देखी जा रही है।
वैश्विक संकेत भी कमजोर बने हुए हैं, जिसका असर बाजार पर पड़ रहा है। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 350 अंक गिरकर 26,137 पर कारोबार कर रहा है, जबकि साउथ कोरिया का कोस्पी 11 अंक फिसलकर 6,377 पर पहुंच गया। हालांकि जापान का निक्केई 211 अंक की बढ़त के साथ 59,569 पर रहा।
अमेरिकी शेयर बाजारों में 21 अप्रैल को गिरावट दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स 293 अंक नीचे आकर 49,149 पर बंद हुआ। नैस्डैक 144 अंक गिरकर 24,260 पर और S&P 500 सूचकांक 45 अंक टूटकर 7,064 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार पर दबाव बढ़ाने में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली भी एक प्रमुख कारण है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को करीब 1,919 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जो लगातार दूसरा दिन रहा जब उन्होंने बाजार से पूंजी निकाली।
इससे पहले सोमवार को भी FIIs ने 1,060 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। हाल की इस निकासी ने पिछले सप्ताह के उन तीन कारोबारी सत्रों की बढ़त को खत्म कर दिया है, जिनमें विदेशी निवेशकों ने कुल 1,731 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी।



