सेंट पीटर्सबर्ग शिखर वार्ता: पुतिन ने ईरान को दिया पूर्ण समर्थन का भरोसा, रणनीतिक संबंधों पर दिया जोर

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के साथ मुलाकात की, जिसमें पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात और द्विपक्षीय सहयोग पर विमर्श किया गया। सेंट पीटर्सबर्ग में हुई इस बैठक में रूस ने आश्वासन दिया कि वह ईरान के हितों की रक्षा और मध्य पूर्व में शांति की जल्द बहाली के लिए सभी कूटनीतिक रास्ते अपनाएगा। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थितियां बनी हुई हैं।
न्यूज एजेंसी टीएएसएस की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने शांति की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि रूस क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ईरानी नागरिकों द्वारा अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए दिखाए गए ‘अदम्य साहस’ की प्रशंसा की। पुतिन ने तेहरान के साथ रिश्तों को नए स्तर पर ले जाने की इच्छा व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि ईरान इस चुनौतीपूर्ण दौर को पार कर शांति की राह पर अग्रसर होगा।
ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने इस दौरान रूस को एक भरोसेमंद सहयोगी बताते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होंगे। उन्होंने ईरानी नेतृत्व की ओर से पुतिन को शुभकामनाएं दीं और वर्तमान क्षेत्रीय संघर्षों के बीच रूस द्वारा दी गई मदद की सराहना की। अराघची ने स्पष्ट किया कि ईरान और रूस के बीच की पार्टनरशिप सामरिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ईरानी राजदूत काजम जलाली के अनुसार, अराघची का यह दौरा दोनों देशों के बीच गहराते संबंधों का प्रमाण है। उन्होंने रेखांकित किया कि पिछले कुछ महीनों में दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच सक्रिय संवाद रहा है। गौरतलब है कि अराघची ओमान की यात्रा पूरी कर रूस पहुंचे हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अप्रैल के महीने में ईरान और अमेरिका के बीच संक्षिप्त संघर्षविराम और वार्ता के प्रयास देखे गए थे, हालांकि उन वार्ताओं का कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका था।



