मध्यप्रदेश में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 100 से अधिक गाड़ियाँ जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया है। पिछले एक महीने के भीतर राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की 100 मोटरसाइकिलें, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक टेंपो बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल कई शातिर आरोपियों को भी हिरासत में लिया है।
इस प्रादेशिक कार्रवाई के तहत इंदौर की बाणगंगा थाना पुलिस ने वाहन चोरों के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से इंदौर, भोपाल और आसपास के इलाकों से चुराई गई 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में यह बात सामने आई है कि ये आरोपी चोरी की गई गाड़ियों को सुनसान जगहों, खंडहरों और खाली पड़ी इमारतों में छिपाकर रखते थे और मांग आने पर उन्हें ठिकाने लगाते थे। शातिर चोर पकड़े जाने से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे और उनके इंजन व चेसिस नंबर भी मिटा दिया करते थे।
दूसरी बड़ी सफलता जीआरपी इटारसी को मिली है, जहां रेल पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 13 लाख 40 हजार रुपये कीमत की चोरी की 16 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। उधर विदिशा के कोतवाली थाने में पुलिस ने ठोस कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी सहित दो कानून का उल्लंघन करने वाले नाबालिगों को अपनी अभिरक्षा में लिया है। इनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चुराई गई 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत 14 लाख रुपये के आसपास है।
महाकौशल और विंध्य क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंडला की कोतवाली पुलिस ने दुपहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से रॉयल एनफील्ड, पल्सर और आर-15 (R15) जैसी महंगी और स्पोर्ट्स श्रेणी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये है। सतना जिले के उचेहरा थाना पुलिस ने भी एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को पकड़ा और उनसे 90 हजार रुपये मूल्य की 3 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके साथ ही सतना की सिटी कोतवाली पुलिस ने भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सवा दो लाख रुपये कीमत की 3 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
राजगढ़ और आगर मालवा जिलों में भी पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 10 हजार रुपये मूल्य की 4 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। वहीं, जिले के सारंगपुर थाना पुलिस ने भी एक गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को दबोचा और उनके पास से 2 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आगर मालवा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
राज्य के अन्य जिलों में की गई धरपकड़ के तहत आलीराजपुर और मंदसौर पुलिस ने 4-4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं शहडोल और मुरैना में 3-3, जबकि सीहोर, बड़वानी, शिवपुरी, नर्मदापुरम और दतिया में पुलिस ने 2-2 मोटरसाइकिलें जब्त करने में कामयाबी हासिल की है। इसके अलावा शाजापुर, झाबुआ, धार, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और नरसिंहपुर जिलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1-1 मोटरसाइकिल बरामद की है।
मोटरसाइकिलों के अलावा पुलिस ने अन्य बड़े वाहनों की चोरी पर भी शिकंजा कसा है। ग्वालियर के जनकगंज थाना पुलिस ने चोरी का एक टेंपो बरामद किया है। वहीं सीहोर कोतवाली पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। इसके अतिरिक्त सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी का एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

