स्वच्छ सर्वेक्षण सिटीजन फीडबैक में मध्यप्रदेश देश में अव्वल, 35 लाख से अधिक नागरिकों ने दर्ज कराई भागीदारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत देश भर में चलाए गए ‘सिटीजन फीडबैक’ (नागरिक प्रतिक्रिया) अभियान में मध्यप्रदेश ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2011 की जनगणना के मानकों पर आधारित इस अभियान में राज्य के 35.69 लाख से ज्यादा नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी राय साझा की। यह भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को पूरा करने के साथ-साथ तकनीकी रूप से सजग होते मध्यप्रदेश को भी दर्शाती है।
इस ऐतिहासिक कामयाबी पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने राज्य के नागरिकों और स्वच्छता कर्मियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आम जनता की जागरूकता और विभागीय कर्मचारियों की मेहनत के तालमेल से ही प्रदेश स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
सफलता के पीछे स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की टीम द्वारा तैयार की गई विशेष ‘360 डिग्री रणनीति’ की अहम भूमिका रही। इस योजना के तहत राज्य के सभी नगरीय निकायों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर करीब 60 लाख लोगों तक पहुंच बनाई गई। इसके साथ ही कचरा गाड़ियों, समाचार पत्रों, रेडियो, दूरदर्शन और घर-घर जाकर चलाए गए अभियानों के माध्यम से समाज के हर तबके को इस मुहिम से जोड़ा गया।
डिजिटल माध्यम से लोगों को जोड़ने के लिए विभाग की ओर से एक करोड़ से अधिक लक्षित एसएमएस भेजे गए। युवाओं को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भी मदद ली गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
इस अभियान के दौरान राजधानी भोपाल में नागरिकों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। पिछले वर्ष जहां भोपाल से केवल 5.13 हजार लोगों ने ही फीडबैक दिया था, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 3.86 लाख के पार पहुंच गई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जमीनी स्तर पर टीमें पूरी सक्रियता से जुटी हुई हैं ताकि इस रफ्तार को बरकरार रखा जा सके।
राज्य सरकार और नगरीय विकास विभाग ने प्रदेश की जनता से अपने शहरों को स्वच्छता में शीर्ष पर बनाए रखने के लिए निरंतर सहयोग की अपील की है। नागरिक केंद्रीय मंत्रालय की अधिकृत वेबसाइट https://cf.sbmurban.org/survey पर जाकर या क्यूआर कोड को स्कैन करके अपना ऑनलाइन फीडबैक दर्ज करा सकते हैं।

