भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश पुलिस का वृहद पौधारोपण अभियान, अधिकारियों व कर्मचारियों ने लगाए 300 पौधे

मध्यप्रदेश पुलिस की 7वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल (विसबल) द्वारा भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में एक व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण और स्वच्छ वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल वाहिनी के सेनानी श्री हितेश चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड में शामिल होने वाले परेड कमांडरों, वरिष्ठ अधिकारियों और बल के कर्मचारियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें परेड कमांडर एसडीओपी श्री आदित्य सिंघारिया, एसडीओपी श्री जैडेन लिंगजेरपा, परेड सेकंड-इन-कमांड (2IC) डीएसपी श्री हेमंत कुमार और डीएसपी सुश्री प्रतिमा जैन प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त, 7वीं वाहिनी के उपसेनानी श्री डेनियल जोजफ तथा एडज्यूटेंट श्री तरुण पटले सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने भी इस हरित पहल में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता से 300 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पौधा लगाने के साथ ही उपस्थित समस्त पुलिस कर्मियों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल, उन्हें सुरक्षित रखने और पर्यावरण संवर्धन में अपना निरंतर योगदान देने की सामूहिक शपथ ली।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित यह जनहितकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रयास समाज में हरियाली और स्वच्छ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में अहम योगदान दे रहा है। पुलिस बल का यह कदम न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि प्रकृति के प्रति पुलिस के सामाजिक दायित्व को भी मजबूती से रेखांकित करता है।

