मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बहनों और बुजुर्गों के खातों में जमा किए 310 करोड़ रुपये, त्योहारों से पहले दी बड़ी राहत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से प्रदेश के लाखों नागरिकों को वित्तीय राहत प्रदान करते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गैस सिलेंडर रिफिल की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से डीबीटी द्वारा भेजी। राज्य के सभी जिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हितग्राहियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसानों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि अंत्योदय और जनसेवा ही सरकार का धर्म तथा अंतिम लक्ष्य है।

वित्तीय हस्तांतरण के तहत जुलाई 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र लाभार्थियों के खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि जमा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बुजुर्गों के चेहरे पर प्रसन्नता आती है, तो उससे सरकार को जन कल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने की ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना है।

इसके अतिरिक्त, श्रावण और रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की करीब 22 लाख 20 हजार महिलाओं को दो महीने (अप्रैल और मई 2026) की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में 99 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की। बहनों को रक्षाबंधन का अग्रिम उपहार बताते हुए डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के चेहरे की खुशी ही सरकार के लिए सबसे बड़ी संतोष की बात है और उनके सशक्तिकरण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

संबोधन के दौरान डॉ. यादव ने हरियाली तीज, रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महाकाल से प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और गैर-उज्ज्वला योजना के तहत बीते तीन वर्षों से 450 रुपये में गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित विभागीय अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी और प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button