स्थानीय उद्योगों और शिल्प कला को नई दिशा देगी सरकार, टीकमगढ़ में पीतल शिल्प के लिए 1.99 करोड़ की योजना प्रस्तावित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्योगों का विस्तार और उद्यमियों को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार का मुख्य ध्येय है। उन्होंने जोर दिया कि टीकमगढ़ जिले में औद्योगिक प्रगति के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही योजना के साथ विकास के अवसरों में तब्दील करने की जरूरत है।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योगों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं, निर्बाध बिजली और बेहतर अधोसंरचना मुहैया कराई जा रही है। झांसी-जतारा-टीकमगढ़ मार्ग के बेहतर होने से अन्य राज्यों से व्यापारिक संपर्क आसान होगा। उन्होंने पर्यटन और उद्योग क्षेत्र में निवेश की अपील करते हुए कहा कि होटल, होमस्टे और औद्योगिक पार्क के निर्माण पर शासन द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुंडेश्वर धाम का विकास महाकाल लोक की तर्ज पर कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए साधन सृजित होंगे।
जिले के धरमपुरा क्षेत्र की विख्यात बेल मेटल पीतल शिल्प कला के कायाकल्प के लिए 1 करोड़ 99 लाख रुपये की विशेष योजना का खाका खींचा गया है। मुख्यमंत्री ने बल दिया कि इस पारंपरिक कला को आधुनिक अधोसंरचना और बाजार से जोड़कर कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। एमएसएमई विभाग को इस कार्य के लिए धरमपुरा में 6.99 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। उद्यमी गौरव जैन ने बुंदेलखंड में पर्यटन विकास के लिए टीकमगढ़, ओरछा और खजुराहो को जोड़कर टूरिस्ट सर्किट बनाने की बात कही। फूड प्रोसेसिंग से जुड़े राजेश साहू को 4 करोड़ रुपये तथा मसाला निर्माण से जुड़ीं सृष्टि मिश्रा को 4 लाख रुपये की शासकीय सब्सिडी प्राप्त होने की जानकारी दी गई। 500 कामगारों को रोजगार देने वाले उद्यमी राज परमार की मांग पर मुख्यमंत्री ने जतारा यूनिट को हाईवे से जोड़ने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को फौरी कार्रवाई के आदेश दिए। बीज व शहद उत्पादक सुनीता राज बुंदेला ने ऑयल मिल लगाने का प्रस्ताव रखा, वहीं आशीष शर्मा ने ई-कॉमर्स के जरिए अखिल भारतीय स्तर पर उत्पादों की आपूर्ति का विवरण दिया।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा औद्योगिक परियोजनाओं पर प्रस्तुतीकरण के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विधायक हरिशंकर खटीक, सरोज राजपूत, पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाडे़ और आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



