नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की भेंट, प्रदेश की जल परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच सार्थक संवाद हुआ।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश भर में संचालित जल संरक्षण अभियानों, जल स्रोतों के वैज्ञानिक एवं समुचित उपयोग और विभिन्न जल परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर जल प्रबंधन तथा सिंचाई के रकबे को बढ़ाने से जुड़े जनहितैषी विषयों को भी प्रमुखता से रखा गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य के बुनियादी ढांचे और जल क्षेत्र के विकास में केंद्र सरकार से प्राप्त हो रहे निरंतर सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों एवं बेहतर समन्वय के चलते मध्य प्रदेश में जल संसाधनों के संवर्धन और संरक्षण के कार्यों को नई गति मिल रही है।



