वन विहार में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस पर पक्षी भ्रमण और जन-जागरूकता सत्र आयोजित
भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में 5 सितंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में पक्षी भ्रमण एवं गिद्ध जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। वन विहार प्रबंधन और भोपाल बर्ड्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम संचालक श्री विजय कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों को गिद्धों की पारिस्थितिक भूमिका तथा उनके संरक्षण की महत्ता से अवगत कराना था।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय उद्यान के नैसर्गिक वातावरण में पक्षियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और विभिन्न पक्षी प्रजातियों की आदतों व उनके प्राकृतिक आवासों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विशेषज्ञों ने उपस्थित जनसमूह को गिद्धों की शारीरिक पहचान, उनकी जीवनशैली, आहार श्रृंखला और समूचे पारितंत्र में उनके योगदान के बारे में विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम में पक्षी विशेषज्ञ डॉ. संगीता राजगीर ने गिद्धों को प्रकृति का आवश्यक सफाईकर्मी बताते हुए कहा कि ये मृत पशुओं के अवशेषों को तत्काल समाप्त कर पर्यावरण को स्वच्छ रखते हैं, जिससे संक्रामक रोगों की रोकथाम होती है और पारिस्थितिक संतुलन बना रहता है। वहीं, वन विहार की सहायक संचालक डॉ. रूही हक ने गिद्धों के समक्ष उत्पन्न संरक्षण संबंधी संकटों की चर्चा करते हुए उनके पर्यावास और सुरक्षित भोजन की रक्षा के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता रेखांकित की। भोपाल बर्ड्स के मो. खालिक ने स्पष्ट किया कि गिद्धों का संरक्षण केवल किसी एक पक्षी वर्ग की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण को बनाए रखने से जुड़ा अनिवार्य विषय है।
उद्यान में आने वाले आगंतुकों के लिए बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के डॉ. हेमंत बाजपेयी, श्री संजय एवं उनकी टीम द्वारा स्नेक पार्क में प्रातः 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक ऑन-स्पॉट क्विज और स्नैक एंड लेडर खेल का आयोजन किया गया। इस गतिविधि में लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से सफल प्रतिभागियों को सहायक संचालक डॉ. रूही हक ने पुरस्कृत किया। वन विहार प्रबंधन ने आमजन से इन अभियानों में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील की है।
जारी सूचना के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को भी जागरूकता से जुड़ी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत प्रातः 9:00 बजे से 10:30 बजे तक वन विहार की वीथिका में स्टोन पेंटिंग और वुडन टाइल पेंटिंग होगी। इसके उपरांत प्रातः 10:30 से 11:30 बजे तक वन्यजीव और गिद्ध संरक्षण पर केंद्रित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रखी गई है। दोपहर 12:00 बजे विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार बांटे जाएंगे, जबकि दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक पर्यटकों के लिए स्नेक पार्क में पुनः ऑन-स्पॉट क्विज और गेम का संचालन किया जाएगा।



