प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन शनिवार को जम्बूरी मैदान में

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह बदलते दौर का भारत है। देश विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। देश के विकास में महिलाओं की भी पूरी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही विकसित समाज की धुरी होती है। शनिवार 31 मई को होने वाला विशाल महासम्मेलन नारी शक्ति को समर्पित है और इसके माध्यम से प्रदेश में महिलाओं के कौशल और उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के रूप में इस दिन एक अद्वितीय इतिहास रचा जाएगा, जब इस पूरे महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं का संचालन महिलाएं ही करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार की शाम जंबूरी मैदान में महासम्मेलन के प्रबंधन में संलग्न महिला शक्ति को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी की रूपरेखा और व्यवस्थाओं का भी मुआयना किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रदेश को देंगे कई सौगातें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर आयोजन की तैयारियों के लिए नियुक्त की गई महिलाओं से चर्चा की, उन्हें मार्गदर्शन दिया और इस महासम्मेलन के आयोजन की बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई के सम्मान में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के महानायक श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को स्वयं भोपाल आ रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश को कई सौगातें भी देंगे। इसलिए कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहे। सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें और जिन्हें जो कार्य दिया गया है, वे पूरी जिम्मेदारी और लगन से उसका निर्वहन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button