पीएम मित्रा पार्क से मध्यप्रदेश बनेगा ‘कॉटन कैपिटल’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास किए गए पीएम मित्रा पार्क को प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह पार्क मध्यप्रदेश को देश की ‘कॉटन कैपिटल’ के रूप में स्थापित करेगा, क्योंकि प्रदेश जैविक कपास उत्पादन में पहले से ही देश में 40% का योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना किसानों, श्रमिकों और युवाओं के लिए एक नई संभावनाओं का द्वार खोलेगी। उन्होंने बताया कि इस पार्क से कपास उत्पादक किसानों का सीधा संपर्क वैश्विक बाजार से हो जाएगा, जिससे उनकी उपज को सही मूल्य मिलेगा।
पीएम मित्रा पार्क, जो 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा है, इसमें आधुनिक सुविधाएं जैसे कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा संयंत्र और प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स शामिल होंगी। इसके साथ ही, श्रमिकों के लिए आवास और अन्य सामाजिक सुविधाएँ भी होंगी।
इस परियोजना में निवेशकों ने 27,109 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिससे एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख अप्रत्यक्ष रोजगार सहित कुल 3 लाख रोजगार सृजित होने का अनुमान है। यह पार्क प्रधानमंत्री के ‘फार्म से फाइबर, फैक्ट्री से फैशन और विदेश’ के विजन को साकार करेगा, जिससे मध्यप्रदेश जल्द ही एक टेक्सटाइल हब के रूप में जाना जाएगा।


