सोनू निगम ‘राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 2025’ से सम्मानित, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

इंदौर की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम (मुंबई) को वर्ष 2025 के राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से विभूषित किया। यह भव्य संगीत समारोह संस्कृति विभाग और इंदौर जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत रत्न लता मंगेशकर को भारतीय संगीत को नई ऊँचाई पर ले जाने वाली अद्वितीय विभूति बताया। उन्होंने कहा कि सोनू निगम को सम्मानित करके प्रदेश गौरांवित है, उनका आगमन “अमावस की रात में पूनम का चांद” जैसा है। उन्होंने इंदौर की संगीत परंपरा की गौरवशाली विरासत को रेखांकित किया।
सम्मान पाकर भावुक हुए गायक सोनू निगम ने लता जी को संगीत की जीती-जागती परंपरा बताते हुए कहा कि यह उनके जीवन के सबसे खास पलों में से एक है। उन्होंने कहा कि जिस मंच पर 30 साल पहले प्रस्तुति दी थी, आज वहीं सम्मान पाना उनके लिए बेहद गौरव का विषय है।
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि यह आयोजन स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जन्म दिवस पर किया गया है, जो इस सम्मान की महत्ता को बढ़ाता है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और चित्र ‘लतिका’ का अवलोकन किया। अलंकरण के बाद अंकित तिवारी और उनके दल ने मधुर संगीत संध्या से श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



