मध्यप्रदेश एवं असम के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर सहमति

 

गुवाहाटी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय असम प्रवास के दौरान रविवार सायंकाल गुवाहाटी स्थित मुख्यमंत्री निवास में असम के अपने समकक्ष डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। जवाब में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. सरमा को महाकालेश्वर मंदिर का मनोहारी चित्र भेंट किया।

भेंटवार्ता में दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक एवं पर्यटन गतिविधियों को विस्तारित करने पर बल दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु भोपाल से गुवाहाटी के लिए सीधी विमान सेवा आरंभ करने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाने की मंशा व्यक्त की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि युवाओं, कलाकारों तथा विश्वविद्यालयों के स्तर पर सहयोग को बढ़ाकर दोनों राज्यों के सांस्कृतिक रिश्तों को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा कि असम और मध्यप्रदेश हस्तशिल्प, रेशम (सिल्क) और बांस से निर्मित उत्पादों के क्षेत्र में पारंपरिक व्यापारिक सहयोग को प्रोत्साहित करेंगे। यह पहल दोनों राज्यों के स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए न केवल नए बाज़ार खोलेगी, बल्कि रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित करेगी।

चर्चा में दोनों राज्यों के प्राचीन संबंधों, वन्य जीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा वन्य जीवों के परस्पर आदान-प्रदान सहित भविष्य की बेहतर संभावनाओं और विविध विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. सरमा को जानकारी दी कि असम के कई उद्योगपति और निवेशक मध्यप्रदेश में पूंजी निवेश करने हेतु तत्पर हैं, जिनका स्वागत मध्यप्रदेश की धरती पर किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव भी मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button