ग्वालियर में 25 दिसंबर को ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’; अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शिरकत

भोपाल/ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के साथ आगामी 25 दिसम्बर को ग्वालियर के मेला ग्राउंड पर ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ का आयोजन किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और जन्मशताब्दी समारोह के समापन के अवसर पर आयोजित इस समिट में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में 2 लाख करोड़ रुपये की निवेश इकाइयों का विवरण और औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन किया जाएगा। समिट में गोदरेज इंडस्ट्रीज, डाबर इंडिया, और भारत पेट्रोलियम जैसे प्रमुख औद्योगिक घरानों के बिजनेस लीडर्स भी शामिल होंगे। इसके साथ ही ग्वालियर व्यापार मेले का उद्घाटन और ई-जीरो एफ.आई.आर. प्रणाली का शुभारंभ भी किया जाएगा।


