ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ का आगाज; अमित शाह और मुख्यमंत्री ने ‘निवेश से रोजगार’ प्रदर्शनी का किया अवलोकन

ग्वालियर: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर ग्वालियर में “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहे। दोनों नेताओं ने “निवेश से रोजगार-अटल संकल्प” विषय पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी उपस्थित थे।
प्रदर्शनी में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की राष्ट्र निर्माण की यात्रा, पोखरण परीक्षण और ‘गोल्डन क्वाड्रिलेटरल’ जैसी उपलब्धियों को जीवंत रूप में दर्शाया गया। साथ ही, मध्य प्रदेश की औद्योगिक प्रगति जैसे पीथमपुर ऑटो हब, भोपाल फूड पार्क और ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में स्टार्टअप्स की सफलता को भी प्रदर्शित किया गया। यह समिट राज्य के समावेशी विकास और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के संकल्प को दोहराती है।


