‘कृषि वर्ष’ के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश बनेगा राष्ट्र की प्रगति का इंजन

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में वर्ष 2026 की प्रथम मंत्रिपरिषद बैठक मंत्रालय में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। डॉ. यादव ने सरकार के दो सफल वर्ष पूरे होने पर मंत्रियों को बधाई दी और अगले तीन वर्षों का रोडमैप साझा किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसका विस्तृत कैलेंडर 11 जनवरी को जारी होगा।
मुख्यमंत्री ने खनिज क्षेत्र में मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि 2025 में प्रदेश ने देश के कुल 141 ब्लॉक में से सर्वाधिक 32 खनिज ब्लॉकों की नीलामी कर रिकॉर्ड बनाया है। ग्वालियर में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ की सफलता पर उन्होंने कहा कि 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश कार्यों का भूमि-पूजन प्रदेश की औद्योगिक मजबूती को दर्शाता है। साथ ही, चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार करते हुए धार और बैतूल में देश के पहले पीपीपी मॉडल आधारित मेडिकल कॉलेज की नींव रखी गई है।



